भाजपा ने 20 और 26 वर्षों बाद जिला परिषद सीटों पर दर्ज की ऐतिहासिक जीत, कार्यकर्ताओं की मेहनत को मिला सम्मान

भारतीय जनता पार्टी समीरपुर मंडल के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा मंडल अध्यक्ष अभय वीर सिंह लवली के नेतृत्व में आज समीरपुर स्थित निवास पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य श्रीमती रजनी देवी तथा धामरोल वार्ड से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य श्रीमती अनीता शर्मा ने प्रो. धूमल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विजय में प्रो. प्रेम कुमार धूमल के मार्गदर्शन, संगठन की मजबूती तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम कर संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई।

बैठक में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, मंडल महामंत्री कैप्टन हिटलर ठाकुर, एडवोकेट संजीव डोगरा, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज चंदेल, किसान मोर्चा अध्यक्ष राजेश चौहान, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष रमेश कुमार तथा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश कुमार सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने दोनों नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की संगठनात्मक शक्ति, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष अभय वीर सिंह लवली ने कहा कि इस विजय का श्रेय बूथ अध्यक्षों, ग्राम केंद्र अध्यक्षों तथा पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता को जाता है, जिन्होंने कठिन परिश्रम कर भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि वधानी वार्ड में भाजपा ने लगभग 26 वर्षों बाद जिला परिषद सीट पर विजय प्राप्त की है, जबकि धमरोल वार्ड में भाजपा ने 20 वर्षों बाद जीत का परचम लहराया है। यह सफलता संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास का परिणाम है।

प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

प्रो. धूमल ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव विकास, सुशासन और जनसेवा के मार्ग पर चलती रही है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करती रहेगी

मंडल अध्यक्ष अभय वीर सिंह लवली ने कहा कि समीरपुर मंडल के कार्यकर्ताओं ने पंचायती राज चुनावों में जिस समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य किया है, वह संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल प्रत्याशियों की नहीं बल्कि प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता, शक्ति केंद्र, ग्राम केंद्र और भाजपा की विचारधारा पर विश्वास रखने वाले मतदाताओं की जीत है। लवली ने कहा कि समीरपुर मंडल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक सफलता आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भाजपा ने वर्षों बाद इन सीटों पर विजय प्राप्त कर नया इतिहास रचा है, जो संगठन के लिए गर्व का विषय है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!