जिला हमीरपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करौर के प्रतिभाशाली छात्र अर्पण दत्त शर्मा ने
एससीईआरटी सोलन में आयोजित राज्य स्तरीय इंस्पायर प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।अर्पण दत्त शर्मा ने “सुरक्षित इलैक्ट्रिक आयरन (Safe Electric Iron)” विषय पर अभिनव मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में निर्णायकों द्वारा अत्यधिक सराहा गया। यह मॉडल विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है तथा इसके माध्यम से घरेलू उपयोग के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को कम करने व ऊर्जा संरक्षण का प्रयास किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों तथा समूचे जिला हमीरपुर में हर्ष का वातावरण है। अर्पण दत्त शर्मा की वैज्ञानिक सोच, नवाचार के प्रति रुचि, कठिन परिश्रम तथा मार्गदर्शक शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें यह गौरवपूर्ण सफलता दिलाई है। उपनिदेशक शिक्षा विभाग हमीरपुर कमल किशोर भारती , जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम,विद्यालय की
उपप्रधानाचार्य सीमा कुमारी, अभिभावकों एवं समस्त स्टाफ ने अर्पण दत्त शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अर्पण राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश और जिला हमीरपुर का नाम देशभर में रोशन करेंगे।यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।अर्पण दत्त शर्मा की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
