हमीरपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री Prem Kumar Dhumal तथा जनसेवक सुशील ठाकुर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक छोटा सा पौधा भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर मानव जीवन के लिए वरदान सिद्ध होगा। पेड़ हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
सुशील ठाकुर ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस जन अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
“एक पेड़ लगाएं, ऑक्सीजन का दायरा बढ़ाएं” और “पेड़ लगाएं, जीवन बचाएं” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया !
