सीएम सुक्खू पर हमले पड़ रहे थे भारी! नीरज भारती का फेसबुक अकाउंट हुआ सस्पेंड, सियासत में मचा भूचाल

हिमाचल की राजनीति में सोशल मीडिया का सबसे चर्चित चेहरा बने कांग्रेस नेता नीरज भारती को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ लगातार तीखे और विवादित पोस्ट करने वाले नीरज भारती का फेसबुक अकाउंट अचानक सस्पेंड कर दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार फेसबुक की ओर से बताया गया है कि अकाउंट पर मौजूद कंटेंट को लेकर लगातार कानूनी शिकायतें और कंटेंट रेस्ट्रिक्शन की मांग की जा रही थी। बढ़ते दबाव और प्लेटफॉर्म की नीतियों के तहत आखिरकार अकाउंट पर कार्रवाई कर दी गई।

 

नीरज भारती पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक टिप्पणियों और मुख्यमंत्री सुक्खू पर सीधे हमलों को लेकर सुर्खियों में थे। उनके पोस्ट अक्सर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनते रहे हैं। अकाउंट सस्पेंड होने के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह केवल सोशल मीडिया नियमों की कार्रवाई है या फिर इसके पीछे राजनीतिक खींचतान की लंबी कहानी छिपी है?

 

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम ने नई बहस छेड़ दी है। समर्थक इसे आवाज दबाने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे सोशल मीडिया की मर्यादा और नियमों के उल्लंघन का नतीजा मान रहे हैं।

 

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या नीरज भारती की डिजिटल राजनीति पर ब्रेक लग गया है या वे किसी नए मंच से फिर सियासी हमला बोलेंगे? हिमाचल की राजनीति में इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सोशल मीडिया की ताकत और उसकी सीमाओं को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!