विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला के रिज पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी में हमीरपुर जिले के विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर को पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए बेस्ट इको क्लब अवार्ड द्वितीय पुरस्कार में 20000 रुपए की राशि से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलेठ को पर्यावरण संरक्षण पर स्कूल लीडरशिप अवार्ड में 50000 रुपए की राशि से सम्मानित किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहनी की छात्रा अक्षरा ठाकुर ने सीनियर वर्ग पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2000 रुपए का पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर की छात्रा कुमारी शुकराना को जूनियर वर्ग स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में 3000 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को बधाई देता हूँ जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर कमल किशोर भारती ने विजेता बच्चों को बधाई दी व आशा व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी विजेता बच्चे व अध्यापक इसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास के संदेश को समाज तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने भी बधाई देते हुए कहा कि विजेता बच्चों और इको क्लब प्रभारियों की यह सफलता जिला हमीरपुर के सभी स्कूलों के बच्चों व अध्यापकों को प्रेरणा स्रोत बनेगी।
