हमीरपुर। पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने जटेहड़ी पंचायत में वाहन पार्किंग की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए अपनी ओर से ₹30 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि पंचायत चुनाव में क्षेत्र की जनता ने उनके पुत्र रविंदर कुमार को प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास जताया है, उसके लिए उनका परिवार सदैव आभारी रहेगा। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों के अनुरूप जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से पार्किंग सुविधा की मांग कर रहे थे। इसी आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर सहयोग राशि उपलब्ध करवाई है ताकि समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके।
दर्जी ने कहा कि यह किसी प्रकार का उपकार नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र और लोगों के प्रति उनका दायित्व है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी जटेहड़ी पंचायत के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
उन्होंने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आगे भी निरंतर बना रहेगा।
