Breaking news रसोई गैस उपभोक्ताओं को झटका, घरेलू एलपीजी सिलेंडर 29 रुपये महंगा

देश में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बाद अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की है।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। बढ़ी हुई कीमतें 7 जून से लागू होंगी। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।

उद्योग सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसी का असर घरेलू एलपीजी कीमतों पर भी पड़ा है।

सूत्रों का कहना है कि नवीनतम मूल्य संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत के दबाव को देखते हुए कीमतों में यह वृद्धि की गई है।

एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और महंगाई से जूझ रहे उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ सकती है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!