शिमला-मनाली मार्ग पर क्रेन पलटने से यातायात ठप, परीक्षार्थियों को भारी परेशानी

शिमला। शिमला-मंडी-मनाली मार्ग पर घनाहटी से पीछे कंडा जेल क्रॉसिंग के समीप एक क्रेन के बीच सड़क पर पलट जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। देर रात हुए इस हादसे के बाद मार्ग को बहाल करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सड़क यातायात के लिए बंद रही।

 

मार्ग बंद होने का सबसे अधिक असर रविवार सुबह शिमला जाने वाले यात्रियों और विद्यार्थियों पर पड़ा। शिमला में विभिन्न प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाएं आयोजित होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र समय पर परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके। कई अभ्यर्थी रास्ते में ही फंस गए, जबकि अनेक बसें शिमला तक नहीं पहुंच पाईं।

 

जानकारी के अनुसार, क्रेन के सड़क पर पलट जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें क्रेन को हटाने तथा यातायात बहाल करने में जुटी हुई हैं।

 

स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मार्गों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों और आम लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

फिलहाल मार्ग खुलने का इंतजार किया जा रहा है और प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी यात्रियों को दी जा रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि शिमला की ओर यात्रा करने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!