हमीरपुर। डिस्ट्रीब्यूटर एलाइंस ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अविनाश धवन को ऑल इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (AICPDF) का नेशनल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से प्रदेश के डिस्ट्रीब्यूटर समुदाय में खुशी का माहौल है और इसे हिमाचल के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
यह जानकारी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धैर्यशील पाटिल द्वारा दूरभाष के माध्यम से साझा की गई। अविनाश धवन की नियुक्ति को उनके लंबे अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और डिस्ट्रीब्यूटर हितों के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का सम्मान माना जा रहा है।
इस अवसर पर डिस्ट्रीब्यूटर एलाइंस ऑफ हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों और सदस्यों ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के एक छोटे से प्रदेश हिमाचल से जुड़े एक ऊर्जावान और कर्मठ व्यक्तित्व को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
संगठन ने विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष धैर्यशील पाटिल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
प्रदेश के डिस्ट्रीब्यूटरों ने विश्वास जताया कि अविनाश धवन अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर डिस्ट्रीब्यूटरों की आवाज को और अधिक मजबूती देंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
