जिला कारागार हमीरपुर में योग, ध्यान और प्राणायाम शिविर का पहला चरण संपन्न

हमीरपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था द्वारा जिला कारागार हमीरपुर में आयोजित सात दिवसीय योग, ध्यान, प्राणायाम एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों ने भाग लेकर योग एवं ध्यान की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ नकारात्मक भावनाओं पर नियंत्रण, तनाव प्रबंधन तथा स्वयं और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। जेल प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक Sri Sri Ravi Shankar द्वारा विकसित प्रसिद्ध ‘सुदर्शन क्रिया’ का अभ्यास भी करवाया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित अभ्यास से यह क्रिया व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय केंद्र बेंगलुरु से प्रशिक्षित शिक्षक जोगिंदर ठाकुर और अजय शर्मा ने पूरे सप्ताह प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर के समापन अवसर पर बंदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम को जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया। इस दौरान प्रतिभागियों ने आयोजन के लिए जेल उप अधीक्षक पंकज शर्मा तथा जेल प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।

 

आयोजकों ने बताया कि शिविर का दूसरा चरण 16 जून से आरंभ होगा, जिसका समापन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।

 

इसी क्रम में आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षक निर्मल ठाकुर द्वारा हमीरपुर के हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में निशुल्क योग शिविर भी शुरू किया गया है। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कोई भी व्यक्ति भाग लेकर योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक लाभ प्राप्त कर सकता है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!