हमीरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, जम्मू से दबोचा शातिर आरोपी

हमीरपुर। जिला पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में दबिश देकर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में छापेमारी जारी है।

जानकारी के अनुसार यह गिरोह हमीरपुर जिले में लंबे समय से सक्रिय था और अब तक आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर हाथ साफ कर चुका है। हाल ही में हमीरपुर बाईपास क्षेत्र से एक पेठा कारोबारी की इको वैन चोरी होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया। सुराग मिलने पर पुलिस टीम जम्मू रवाना हुई और वीरवार सुबह राजौरी में दबिश देकर गिरोह के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

चोरी हुई इको वैन भी बरामद

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुई इको वैन को भी बरामद कर लिया है। वाहन की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जिले में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के भी खुलासे हो सकते हैं।

ASP ने की पुष्टि

एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया था। उन्होंने कहा कि सदर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!