समर कैंप के तहत धमन्दारी पंचायत में स्कूल रेडीनेस मेला आयोजित

बाल विकास परियोजना ऊना के अंतर्गत पर्यवेक्षक वृत बाबा रुद्रू द्वारा ग्राम पंचायत घर धमांदरी में ‘स्कूल रेडीनेस मेला-1’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यवेक्षक नानकी देवी ने की। मेले का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करना तथा अभिभावकों को बच्चों के प्रारंभिक विकास और सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

 

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव हरजिंदर कौर, ग्राम पंचायत प्रधान सुदेश कुमारी, उपप्रधान बलवीर सिंह, बीडीसी सदस्य पूनम रानी, वार्ड पंच उर्मिला देवी, सिलाई अध्यापिका सीमा शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, सहायिकाएं, बच्चों के माता-पिता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

 

मेले के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सात विषय आधारित स्टॉल लगाए गए। इनमें पंजीकरण, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, गणितीय पूर्व तैयारी, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित किया गया।

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निशा रानी और संतोष कुमारी ने बच्चों को विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में शामिल किया। कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा कुमारी ने अभिभावकों से मेले के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। अभिभावकों ने मेले की सराहना करते हुए अपने विचार फीडबैक चार्ट पर दर्ज किए और इसे बच्चों के विकास तथा विद्यालयी तैयारी की दिशा में एक उपयोगी पहल बताया।

 

मेले में उपस्थित 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीखने के प्रति गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम ने बच्चों, अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ-साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के महत्व को भी प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!