चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र स्थित कल्हेल में हुए हरविंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं। इस निर्मम हत्याकांड में तीन वयस्कों के साथ-साथ एक किशोर के भी शामिल होने की बात सामने आई है। इस खुलासे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और समाज में तेजी से फैल रहे अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बैल्ट से बेरहमी से पीटा, फिर जलाई कमीज
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने हरविंद्र को मौत के घाट उतारने से पहले अत्यंत बेरहमी से पीटा था। आरोपियों ने युवक को बैल्ट से बुरी तरह मारा। इसके बाद, पुलिस से बचने और साक्ष्य नष्ट करने के लिए शातिरों ने वारदात में इस्तेमाल की गई बैल्ट और मृतक की कमीज को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस ने कड़ी मशक्कत और आरोपियों की निशानदेही पर जले हुए अवशेष बरामद कर लिए हैं, जो कोर्ट में मजबूत सबूत बनेंगे।
एक्सीडैंट दिखाने के लिए नाले में फैंका शव, पर कातिलों से हो गई चूक
आरोपियों ने इस पूरी वारदात को एक हादसे का रूप देने की खौफनाक साजिश रची थी। उन्होंने हरविंद्र का शव कल्हेल पुल के पास एक नाले में फैंक दिया, ताकि लोग इसे दुर्घटनावश गिरना समझें, लेकिन कहते हैं न कि अपराधी कोई न कोई सुराग छोड़ ही देता है। हत्या के बाद मृतक का मोबाइल, चार्जर और अन्य निजी सामान उसी कमरे में छूट गया था।