हमीरपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कारागार में आर्ट ऑफ लिविंग की जिला इकाई द्वारा विशेष योग, ध्यान एवं प्राणायाम सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारागार के सभी बंदियों, जेल स्टाफ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि अभिनाश डोगरा ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और निरोगी बनाता है, बल्कि मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति में स्वस्थ शरीर, शांत मन, तीव्र बुद्धि और मजबूत स्मरण शक्ति का विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, भ्रामरी, कपालभाति तथा नाड़ी शोधन प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके उपरांत गहन ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन का अनुभव किया।
सत्र के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने तथा परिवार, समाज और विश्व में शांति, आनंद एवं स्वास्थ्य के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण एवं शांति की कामना के साथ शांति पाठ द्वारा किया गया।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से योग प्रशिक्षक जोगिंदर ठाकुर एवं सहयोगी सुनील पढ़ियार ने कार्यक्रम का संचालन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया।
