राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संवर्धित अधिगम कार्यक्रम (NPTEL) के अंतर्गत “Intelligent and Smart Building in the Context of Futuristic Architecture” नामक नया ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इस पाठ्यक्रम को आईआईटी रुड़की और एनआईटी हमीरपुर के संयुक्त प्रयासों से विकसित किया गया है।
इस कोर्स को आईआईटी रुड़की के वास्तुकला एवं नियोजन विभाग के प्रो. पी. एस. चानी तथा एनआईटी हमीरपुर के वास्तुकला विभाग की डॉ. वेणु श्री ने तैयार किया है। पाठ्यक्रम में स्मार्ट बिल्डिंग, ऊर्जा दक्षता, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), भवन स्वचालन तथा भविष्य की वास्तुकला से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है।
आज के समय में स्मार्ट सिटी और टिकाऊ विकास (Sustainable Development) की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। ऐसे में भवन निर्माण और वास्तुकला के क्षेत्र में नई तकनीकों की जानकारी बेहद आवश्यक हो गई है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों, शोधार्थियों, वास्तुकारों, अभियंताओं और उद्योग जगत के पेशेवरों को इन आधुनिक तकनीकों की समझ प्रदान करेगा।
एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों और पेशेवरों को उभरती हुई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
संस्थान की कुलसचिव डॉ. अर्चना संतोष नानोटी ने कहा कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एनआईटी हमीरपुर के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पाठ्यक्रम के विकास में योगदान देने वाले सभी संकाय सदस्यों को बधाई दी।
यह पाठ्यक्रम एनपीटीईएल प्लेटफॉर्म पर देशभर के विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए उपलब्ध रहेगा। इससे वास्तुकला और निर्माण क्षेत्र से जुड़े शिक्षार्थियों को आधुनिक स्मार्ट भवन तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पाठ्यक्रम के विकासकर्ताओं ने इस पहल को सफल बनाने के लिए आईआईटी रुड़की और एनआईटी हमीरपुर के नेतृत्व द्वारा प्रदान किए गए सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
