आईटीआई चलोला में जागरूकता शिविर आयोजित

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना तथा जिला क़ानूनी सेवा प्राधिकरण ऊना के संयुक्त सहयोग से शोभित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चलोला में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

 

शिविर के दौरान प्रशिक्षु बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों, नशे से बचाव के उपायों तथा नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

 

इस अवसर पर औषधि निरीक्षक जिला अस्पताल ऊना पंकज गौतम, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जतिन्द्र शर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना के अधिवक्ता कुलबीर कुमार ने प्रशिक्षुओं को नशे के दुष्प्रभाव, इससे बचाव एवं कानून के तहत मिलने वाली सजा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जतिन्द्र शर्मा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा जनकल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई।

 

संस्थान के प्रधानाचार्य देसराज गौतम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक युवा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!