भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उषा बिरला ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद Anurag Singh Thakur के 20 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं, उन्हें पहले अपने चुनावी वादों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उषा बिरला ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने लगातार पांच बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विकास, सुशासन और जनसेवा की मिसाल कायम की है। उनके प्रयासों से धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हुआ, जबकि बिलासपुर में एम्स, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज, उना में ट्रिपल आईटी, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं की स्थापना में भी अनुराग ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और सड़क संपर्क को मजबूत कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी गई।
उषा बिरला ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करवाने तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने में अनुराग ठाकुर अग्रणी रहे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाने में भी उनका योगदान रहा है।
उन्होंने खेल महाकुंभ, भारत दर्शन कार्यक्रम, गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग और पोषण सहायता जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भी किया गया।
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उषा बिरला ने कहा कि सत्ता में आने से पहले महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, गोबर खरीदने, दूध खरीदने और युवाओं को रोजगार देने जैसे कई बड़े वादे किए गए थे। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जनता को बताया जाए कि इनमें से कितने वादे अब तक पूरे किए गए हैं।
उषा बिरला ने कहा कि अनुराग ठाकुर का विकास कार्य स्वयं उनकी पहचान है और जनता ने उनके कार्यों को देखकर ही उन्हें लगातार अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि विकास, जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
