नारायण सिंह पंचायत समिति सदर मंडी के अध्यक्ष तथा चूड़ामणी उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

पंचायत समिति सदर मंडी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए सोमवार को विकास खंड कार्यालय सदर, भ्यूली स्थित सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन में नारायण सिंह को अध्यक्ष तथा चूड़ामणी को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता एसडीएम एवं प्राधिकृत अधिकारी सदर मंडी रूपिंदर कौर ने की। इस अवसर पर पंचायत समिति सदर मंडी के सभी 26 नवनिर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-19 टिल्ली कैहनवाल से पंचायत समिति सदस्य नारायण सिंह तथा उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-11 देवरी से पंचायत समिति सदस्य चूड़ामणी ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इसके चलते प्राधिकृत अधिकारी ने नारायण सिंह को पंचायत समिति सदर मंडी का अध्यक्ष तथा चूड़ामणी को उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत एसडीएम रूपिंदर कौर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण सिंह तथा उपाध्यक्ष चूड़ामणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आशा व्यक्त की गई कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति सदर मंडी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!