शोक संतप्त परिवार से मिले राजपूत कल्याण सभा व राजपूत महासभा के पदाधिकारी

हमीरपुर। हाल ही में मर्चेंट नेवी में सेवारत युवा आदित्य शर्मा की समुद्री जहाज पर हुए मिसाइल हमले में मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करने के लिए जिला राजपूत कल्याण सभा एवं राजपूत महासभा के पदाधिकारी और सदस्य उनके पैतृक गांव गोलू पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने आदित्य के पिता राजेश शर्मा से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि आदित्य शर्मा की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।

 

इस अवसर पर सभा के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार से मामले को गंभीरता से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की।

 

सभा के वक्ताओं ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में कार्यरत भारतीय नाविक वैश्विक व्यापार और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

प्रतिनिधिमंडल में राजपूत महासभा के महासचिव एवं राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर, महासचिव अजय रानोत, पैटर्न यशपाल मन्हास, कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र भारद्वाज, सचिव ओम प्रकाश ठाकुर तथा आनंद वर्धन शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!