प्रो. प्रेम कुमार धूमल के प्रयासों से साकार हुआ धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना का सपना : राकेश ठाकुर

भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने रविवार को प्रबुद्ध जनसम्पर्क अभियान के अंतर्गत बल्डूहक और जीह्ण गांवों में विभिन्न प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। इसके उपरांत उन्होंने धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना परिसर में आयोजित प्रगति पथ यात्रा में भाग लिया।

 

इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल काकू, प्रदेश किसान मोर्चा सदस्य अनिल कौशल तथा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया भी उपस्थित रहे।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना हमीरपुर जिले के विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और इसके पीछे पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रो. धूमल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान इस परियोजना की आवश्यकता को समझते हुए इसे धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए। केंद्र और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को गति प्रदान की।

 

राकेश ठाकुर ने कहा कि धौलासिद्ध परियोजना के माध्यम से न केवल प्रदेश में विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल की विकासोन्मुख सोच और जनहित के प्रति समर्पण के कारण ही आज यह परियोजना वास्तविकता का रूप ले रही है।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसम्पर्क अभियानों के माध्यम से आम जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!