सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से तथा जिला कल्याण अधिकारी (डीडब्ल्यूओ) कार्यालय, हमीरपुर के सहयोग से पहचान स्पेशल स्कूल, हमीरपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं खेल प्रतियोगितियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना कर किया। रैली पहचान स्पेशल स्कूल से सासन चौक तक निकाली गई, जिसमें विद्यालय के विशेष बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडल की सदस्यों, जतहेड़ी पंचायत के उपप्रधान ज्योति प्रकाश तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, घर जोड़ो” और “नशे को भगाना है, देश को बचाना है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
रैली के बाद विद्यालय परिसर में विशेष बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रेरणादायक स्किट से हुई, जिसमें बच्चों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। इसके बाद बैडमिंटन, बास्केटबॉल ड्रिब्लिंग, थ्री-लेग रेस, लेमन एंड स्पून रेस तथा रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता प्रतिभागियों को जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान में विशेष बच्चों की सक्रिय भागीदारी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने अपने उत्साह और आत्मविश्वास से यह साबित किया है कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव के सशक्त वाहक बन सकते हैं।
संस्था की संचालिका चेतना शर्मा ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पहचान स्पेशल स्कूल भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता और समावेशी शिक्षा से जुड़े ऐसे जनहित कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
