नादौन पुलिस की बड़ी कामयाबी: 7–8 लाख की चोरी का मामला सुलझाया, पिघला हुआ सोना-चांदी बरामद

नादौन (हमीरपुर)। नादौन पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए लाखों रुपये के चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

 

पुलिस थाना नादौन में दर्ज एफआईआर संख्या 93/2026 के तहत धारा 305, 331(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत दर्ज मामले में शिकायतकर्ता ने करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए नादौन पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ईशान्त धीमान और कार्तिक कौशल को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया।

 

लगातार पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने एक ज्वेलरी विक्रेता के माध्यम से 45 ग्राम पिघला हुआ सोना और 195 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की। बरामद धातुओं की अनुमानित कीमत 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद सामग्री को केस प्रॉपर्टी के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है।

 

पुलिस के अनुसार मामले में शेष बरामदगी और अन्य पहलुओं को लेकर जांच अभी जारी है। इस कार्रवाई को नादौन पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!