हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह को राजकीय सम्मान के साथ भावभीनी अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने मोक्ष धाम पहुंचकर स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इससे पूर्व उन्होंने दिवंगत नेता के निवास पर जाकर शोक-संतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह का प्रदेश के विकास, विशेषकर सोलन जिला एवं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों को प्रदेशवासी सदैव श्रद्धापूर्वक स्मरण करेंगे।
चंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें वर्ष 1982 में स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि राजा विजयेंद्र सिंह एक दूरदर्शी, सरल एवं जनहित के प्रति समर्पित जननेता थे। उनका सार्वजनिक जीवन जनसेवा, विकास और मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक था। उन्होंने कहा कि उनके निधन से नालागढ़ क्षेत्र के साथ-साथ संपूर्ण हिमाचल प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। प्रदेश ने जहां एक अनुभवी एवं लोकप्रिय राजनेता को खोया है, वहीं समाज ने एक संवेदनशील, विनम्र एवं सेवाभावी व्यक्तित्व को खो दिया है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह वर्ष 1977, 1982, 1985, 1990 एवं 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। उन्होंने मई 1982 से अप्रैल 1983 तक मुख्य संसदीय सचिव के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त वर्ष 1983-84 तथा 1988-89 के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में भी प्रदेश की सेवा की। उनके द्वारा जनहित एवं विकास के लिए किए गए कार्य सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
इस अवसर पर नाहन के पूर्व विधायक अजय बहादुर ने स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका सादगीपूर्ण जीवन, सहज व्यवहार एवं समाज के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह का नालागढ़ क्षेत्र के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा जनकल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका निधन क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है तथा उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक के0 एल0 ठाकुर, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक लखविंदर सिंह राणा, नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया, पुलिस उपाधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, बद्दी व नालागढ़ उपमंडल के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वर्गीय राजा विजयेंद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
