पूर्व मंत्री राजा विजयेन्द्र सिंह के निधन पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने जताया गहरा शोक

पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा नालागढ़ रियासत के वंशज राजा विजयेन्द्र सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजा विजयेन्द्र सिंह का निधन प्रदेश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

 

अपने शोक संदेश में प्रो. धूमल ने कहा कि राजा विजयेन्द्र सिंह ने लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हुए हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच अपनी सादगी, सहजता और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण विशेष सम्मान प्राप्त किया।

 

प्रो. धूमल ने कहा कि नालागढ़ रियासत के गौरवशाली इतिहास से जुड़े होने के बावजूद राजा विजयेन्द्र सिंह ने लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाते हुए जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। राजनीतिक जीवन में उनका संयमित व्यवहार, सभी दलों के नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।

 

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान, राजनीतिक अनुभव और समाज के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी, सौम्य और जनप्रिय नेता को खो दिया है।

 

प्रो. धूमल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार, उनके समर्थकों तथा समस्त शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!