हमीरपुर, 2 जुलाई। विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत जमली में नव निर्वाचित पंचायत की पहली ग्राम सभा का आयोजन प्रधान किरण वाला की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
बैठक के दौरान नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए आगामी पांच वर्षों में पंचायत के समग्र विकास के लिए सभी से सहयोग की अपील की। ग्राम सभा में पंचायत से जुड़े विभिन्न विकासात्मक एवं प्रशासनिक एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।
प्रधान किरण वाला ने कहा कि उनके कार्यकाल की यह पहली ग्राम सभा है, जिसे सफल बनाने में पंचायत के सभी ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के प्रत्येक वार्ड का समान रूप से विकास कराया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार एवं संबंधित विभागों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम सभा में सभी निर्धारित एजेंडों पर चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके, इसके लिए उन्हें जागरूक भी किया गया। उन्होंने पंचायत के विकास कार्यों में सभी ग्रामीणों से निरंतर सहयोग और सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।
