सीएम को धमकी देने वाला युवक 48 घंटे में गिरफ्तार सोशल मीडिया पर अपलोड किया था आपत्तिजनक वीडियो, घर छोड़कर हुआ था फरार

मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर धमकी देने वाले युवक को सदर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने वीरवार शाम को उसे दबोच लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी भगोट (भोटा), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के खिलाफ एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। मामला सामने आने के बाद आरोपी ने वीडियो डिलीट कर दिया और घर से गायब हो गया।

 

सूत्रों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने लगातार दो दिन तक विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को वीरवार शाम गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो बनाने और प्रसारित करने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था तथा क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है।

 

जिला पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!