भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कराह के अंतर्गत कसियाना गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) से उनके कार्यालय में मुलाकात कर गांव की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी कसियाना गांव सड़क सुविधा से वंचित है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को खाट या अन्य साधनों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा हर नागरिक का अधिकार है और किसी भी गांव को विकास की मुख्यधारा से अलग नहीं रखा जा सकता। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष भी किया जाएगा।
दर्जी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कसियाना गांव तक सड़क निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “भोरंज मेरा परिवार है और परिवार की समस्याओं का समाधान कराना मेरा दायित्व है। जब तक कसियाना गांव को सड़क सुविधा नहीं मिलती, मेरा प्रयास लगातार जारी रहेगा।”
