रणधीर शर्मा बोले- सत्ता का सेमीफाइनल जीती भाजपा, विधानसभा चुनाव में भी साफ होगी कांग्रेस

हमीरपुर। हमीरपुर जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव में अनीता शर्मा को जिला परिषद अध्यक्ष चुना गया, जबकि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के करेर से जिला परिषद सदस्य गुरदीप सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया है। चुनाव के बाद हमीरपुर जिला भाजपा प्रभारी रणधीर शर्मा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन की विधिवत जानकारी दी।

 

जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सदस्यों के चयन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ जीत का जश्न मनाया और रैली भी निकाली। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी की।

 

इस मौके पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा, विभिन्न वार्डों के जिला परिषद सदस्य और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

जिला भाजपा प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने जिला परिषद के चुनाव परिणामों को सत्ता का सेमीफाइनल करार देते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में जीत हासिल करेगी।

 

रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में कांग्रेस सरकार के रिपीट होने के सपने देख रहे हैं, लेकिन ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।

 

बाइट- रणधीर शर्मा, जिला भाजपा प्रभारी

 

रणधीर शर्मा ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए अपने नादौन विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करना भी बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल है और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदेश से सफाया होगा।

 

भाजपा में गुटबाजी के आरोपों को खारिज करते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में एकजुट है और पार्टी किसी भी तरह के गुटों में नहीं बंटी है। इसके विपरीत कांग्रेस के अंदर गुटबाजी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का अलग गुट है और हॉली लॉज का अलग गुट है, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ अब चुनिंदा लोग ही बचे हैं।

 

बाइट- रणधीर शर्मा, जिला भाजपा प्रभारी

 

वहीं, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस सरकार के दोबारा सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जवाब देगी।

 

राजेंद्र राणा ने कहा कि जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की जनता का रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में जीत हासिल करेगी और कांग्रेस सरकार का पूरे प्रदेश से सुपड़ा साफ होगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!