प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड का दूसरा संस्करण रविवार को उपमुख्यमंत्री करेंगे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित

ऊना, 11 जुलाई. प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में आयोजित होने वाला प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह–2026 रविवार, 12 जुलाई को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पालकवाह ऑडिटोरियम में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा।

समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, प्रतीक चिह्न एवं नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे।

यह आयोजन प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है।

अवार्ड समारोह के दूसरे संस्करण में हरोली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।

फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का संपूर्ण जीवन शिक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने अपने शिक्षणकाल में हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा शिक्षा को केवल अंकों तक सीमित न मानते हुए जीवन मूल्यों, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उनकी प्रेरणादायी शैक्षिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मान आरंभ किया गया है।

ज्ञातव्य है कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड की शुरुआत पिछले वर्ष जून में की गई थी। पहले संस्करण में भी हरोली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 150 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था। फाउंडेशन की ओर से इस सम्मान को प्रतिवर्ष आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों की उपस्थिति रहेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!