हमीरपुर। सर्वजनकल्याण सभा द्वारा हमीरपुर के बसंत पैलेस में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले सहित प्रदेशभर में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित डॉ. प्रेम लाल गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समाजसेवी नंद किशोर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अजमेर ठाकुर ने गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह की अध्यक्षता सर्वजनकल्याण सभा के अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक नवीन शर्मा ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम लाल गौतम ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाले ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि नंद किशोर शर्मा ने कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
गेस्ट ऑफ ऑनर अजमेर ठाकुर ने सर्वजनकल्याण सभा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करना न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य बच्चों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वजनकल्याण सभा भविष्य में भी शिक्षा, समाज सेवा और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और प्रतिभाओं को पहचान देना प्रत्येक संस्था का दायित्व होना चाहिए।
समारोह के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।