एचआरटीसी में नई इलैक्ट्रिक बसों के रखरखाव को निजी हाथों में देने की तैयारी*

एचआरटीसी में इलैक्ट्रिक बसों के रखरखाव को निजी हाथों यानी निजी कंपनियों को देने की तैयारी है। इस तैयारी की निगम कर्मचारी संगठन ने कड़ी आपत्ति जताई है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ पदाधिकारियों का कहना है कि एचआरटीसी में शामिल की जा रहीं नई इलैक्ट्रिक बसों के रखरखाव और तकनीकी सेवाओं के लिए निजी कंपनी के माध्यम से भर्ती की जा रही है। संघ ने इसे निगम के संभावित निजीकरण की दिशा में उठाया जा रहा कदम बताते हुए सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है। संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने कहा कि निगम की विभिन्न कार्यशालाओं और कर्मशालाओं में वर्षों से तकनीकी कर्मचारियों के कई पद खाली पड़े हैं।

ऐसे में निगम के पास प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मचारी होने के बावजूद तकनीकी कार्य निजी कंपनियों को सौंपना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में एचआरटीसी की अन्य सेवाओं के भी आऊटसोर्स होने का रास्ता खुल सकता है, जिससे निगम की स्वायत्तता और मजबूती प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार इलैक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव के लिए आवश्यक तकनीकी पद एचआरटीसी के भीतर सृजित कर नियमित भर्ती की जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसर मिल सकें और निगम की तकनीकी क्षमता भी मजबूत हो।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!