हमीरपुर में HRTC इलेक्ट्रिक बसों की भर्ती प्रक्रिया रद्द, अव्यवस्था पर अभ्यर्थियों का हंगामा

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया शनिवार को भारी अव्यवस्था और अभ्यर्थियों के हंगामे के कारण रद्द करनी पड़ी। भोटा बाइपास स्थित एक निजी होटल में इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक और टेक्नीशियन सहित करीब 50 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए थे।

 

भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर से करीब 2500 से अधिक अभ्यर्थी पहुंच गए, जबकि व्यवस्था सीमित होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह करीब 10:30 बजे अभ्यर्थियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनका आरोप था कि पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और कुछ उम्मीदवारों के साक्षात्कार पहले लिए जा रहे थे।

 

स्थिति बिगड़ने पर कंपनी प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एचआरटीसी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। दोपहर करीब 12 बजे भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय लिया गया। तब तक केवल करीब 20 अभ्यर्थियों के ही साक्षात्कार हो पाए थे।

 

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मांग की कि यदि भर्ती प्रक्रिया रद्द की गई है तो पहले लिए गए इंटरव्यू भी निरस्त किए जाएं, अथवा सभी उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए जाएं।

 

हंगामे के दौरान होटल के मुख्य गेट, फ्रिज, गमलों और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा।

 

निजी कंपनी के उपप्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि होटल में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और इसकी भरपाई कंपनी की ओर से की जाएगी।

 

वहीं, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए निजी कंपनी द्वारा भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी, लेकिन अव्यवस्था के चलते इसे रद्द कर दिया गया है। अब आगे की भर्ती प्रक्रिया के संबंध में निर्णय कंपनी द्वारा लिया जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!