बड़सर में कल सजेगा हिमाचल का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

बड़सर में कल सजेगा हिमाचल का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह

बड़सर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश का राज्य स्तरीय समारोह शनिवार, 15 अगस्त को हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया जाएगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में होने वाले इस भव्य समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके बाद भव्य परेड की सलामी लेंगे।

राज्य स्तरीय परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी इंडियन रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी महिला सकोह, हमीरपुर जिला पुलिस तथा सेंट्रल रेंज मंडी की ट्रैफिक पुलिस की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। इनके अलावा महिला एवं पुरुष होमगार्ड्स, हरियाणा पुलिस तथा बड़सर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों की टुकड़ियां भी मार्चपास्ट में शामिल होंगी।

समारोह का विशेष आकर्षण हिमाचल प्रदेश पुलिस की उत्तरी रेंज की स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट द्वारा प्रस्तुत वीआईपी सिक्योरिटी डेमो रहेगा। इस प्रदर्शन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की दक्षता का प्रदर्शन किया जाएगा।

परेड की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ प्रदेश के विकास, जनकल्याण और सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दल देशभक्ति एवं हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तुतियों में देशभक्ति की भावना के साथ हिमाचल की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे। वहीं, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे और विभागीय गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी लेंगे। राज्य स्तरीय समारोह को लेकर बड़सर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!