17 अगस्त को प्रदेश के स्कूलों में रहेगा अवकाश, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शिक्षा विभाग के आदेशों के बीच प्रदेश के स्कूलों में अब 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव के दौरान इसकी घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी को देखते हुए 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी। इससे प्रदेशभर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के बाद अवकाश मिल सकेगा।

 

गौरतलब है कि शिक्षा निदेशालय ने कुछ दिन पहले आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को सामान्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए थे। स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाने के साथ-साथ जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर आयोजित समारोहों में विद्यार्थियों और स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया था।

 

जिला उपनिदेशकों को भी अपने-अपने जिलों के सभी सरकारी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री की नई घोषणा के बाद अब 15 अगस्त के कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को अवकाश मिलेगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!