नादौन में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का विजय अग्निहोत्री ने लिया जायजा

नादौन में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का विजय अग्निहोत्री ने लिया जायजा

पूर्व विधायक एवं एचआरटीसी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में कल रात से जारी भारी बारिश के कारण हुए नुकसान का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं एवं नुकसान की जानकारी ली।

विजय अग्निहोत्री ने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते विधानसभा क्षेत्र में कई पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा कुछ विद्यालयों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रशासन को पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं तथा संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि बारिश से हुए नुकसान का शीघ्रता से आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत उपलब्ध करवाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं, विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

विजय अग्निहोत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता और संगठन प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि नुकसान का आकलन करते समय प्रभावित परिवारों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिकता इस समय प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना तथा सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाना होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!