हमीरपुर-बिलासपुर। मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने जाहू निवासी शाहिल खान को पकड़ लिया है। आरोपी पर हमीरपुर और बिलासपुर जिले के विभिन्न मंदिरों में चोरी करने का आरोप है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद मंदिरों में हुई चोरी की कई वारदातों से पर्दा उठने की उम्मीद जगी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने किन-किन मंदिरों को निशाना बनाया तथा चोरी की वारदातों में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ था।
आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब चोरी की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। पूछताछ के दौरान चोरी किए गए सामान और अन्य वारदातों को लेकर अहम सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा हो सकेगा।