हमीरपुर, 3 सितंबर। पुलिस चौकी टोनी देवी क्षेत्र से करीब एक सप्ताह पहले लापता हुईं तीन नाबालिग स्कूली छात्राओं को पुलिस ने गुजरात से सकुशल बरामद कर लिया है। सदर पुलिस की विशेष टीम तीनों को बुधवार देर रात हमीरपुर लेकर पहुंची। वीरवार को कानूनी प्रक्रिया के तहत छात्राओं के अदालत में बयान दर्ज करवाए गए।
बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। इनमें एक सातवीं और दो दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि उन्होंने स्कूल यूनिफॉर्म बदलकर सामान्य कपड़े पहने और हमीरपुर बस अड्डे पहुंचीं। वहां से बस के जरिए ऊना और फिर ट्रेन से गुजरात पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
अब पुलिस के सामने कई सवाल: छात्राओं के पास यात्रा के लिए पैसे कहां से आए? क्या वे खुद गुजरात गईं या किसी ने उनकी मदद की? पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बहला-फुसलाकर या किसी झांसे में तो नहीं लिया। फिलहाल तीनों छात्राएं सुरक्षित हैं और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।