हमीरपुर, 5 सितंबर। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा ने एक अनूठी और अनुकरणीय पहल करते हुए क्षेत्र के 90 वर्ष से अधिक आयु वाले 22 वयोवृद्ध शिक्षकों को उनके घर-घर जाकर सम्मानित किया। नारायण सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष सम्मान अभियान के दौरान विधायक ने वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके दशकों पुराने योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्कारों से ही समाज को डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, राजनेता और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाली महान प्रतिभाएं मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि जिन गुरुजनों ने अपना जीवन भावी पीढ़ियों को शिक्षित करने में समर्पित किया, उनके घर जाकर सम्मान करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी इन वयोवृद्ध शिक्षकों का आशीर्वाद समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सम्मान पाकर भावुक हुए वयोवृद्ध शिक्षक
विधायक द्वारा घर पहुंचकर सम्मानित किए जाने पर कई सेवानिवृत्त शिक्षक भावुक नजर आए। शिक्षकों ने कहा कि उनके जीवन में यह पहला अवसर है जब शिक्षक दिवस के मौके पर कोई जनप्रतिनिधि स्वयं उनके घर पहुंचा और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले शिक्षक दिवस के कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित किया जाता रहा, लेकिन घर की चौखट तक पहुंचकर सम्मान देने की पहल बेहद भावनात्मक और सम्मानजनक है।
वयोवृद्ध शिक्षकों ने विधायक आशीष शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान बढ़ा है, बल्कि समाज में गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।
नारायण सेवा संस्थान ने भी पहल को बताया सराहनीय
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया ने विधायक आशीष शर्मा की इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले बुजुर्ग शिक्षकों का सम्मान करना वास्तव में समाज के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन्होंने विधायक का साधुवाद करते हुए कहा कि इस तरह की पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी।
कार्यक्रम के दौरान नारायण सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष रोशन लाल शर्मा, पदाधिकारी प्यारे लाल शर्मा, अजय शर्मा, जिला परिषद सदस्य सुरेश सोनी, सोनी कुमार सहित सभी बूथ अध्यक्ष, ग्राम केंद्र अध्यक्ष तथा पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।