हमीरपुर। सुजानपुर विकासखंड की एक पंचायत में पंचायत घर परिसर से बीयर के कैन मिलने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि छुट्टी के दिन पंचायत घर में कथित तौर पर महफिल सजी और वहां जाम छलकाए गए। मामले में पंचायत से जुड़े तीन सचिवों और महिला प्रधान पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पंचायत घर में बीयर के कैन मिलने की सूचना सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जिस पंचायत घर में सरकारी कामकाज और ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़े कार्य होने चाहिए, वहां यदि वास्तव में शराब का सेवन हुआ है तो यह गंभीर मामला है।
हालांकि, बीयर के कैन मिलने और पंचायत प्रतिनिधियों व कर्मचारियों द्वारा शराब सेवन किए जाने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत घर में छुट्टी के दिन मौजूदगी, वहां आयोजित गतिविधियों और बीयर के कैन मिलने की परिस्थितियों की जांच की जाए। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
अब सवाल यह है कि पंचायत घर में बीयर के कैन आखिर पहुंचे कैसे और छुट्टी के दिन वहां कौन-कौन मौजूद था? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।